पलिया की तरफ से तेज रफ्तार आ रही अनियंत्रित कार ने रास्ते में जा रहे साइकिल सवार को चपेट में ले लिया। इसमें साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई और बेकाबू कार भी एक पेड़ से जा टकराई। कार चालक और उसमें सवार लोग भाग निकले। इससे गुस्साए घरवालों ने शव को रोड किनारे पर रखकर उसे उठाने से इंकार कर दिया। जिस पर वहां पहुंचे सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
नगला निवासी 60 वर्षीय लालजी प्रसाद गौतम किसी काम से साइकिल से बरेली फार्म जा रहे थे। जब वह पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर महिपालपुरवा के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रही बेकाबू कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह रोड किनारे गिर गए तथा मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद बेकाबू कार आगे कुछ दूर जाकर पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद चालक और उसमें सवार लोग कार को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना घरवालों को मिलते ही उनमें कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचीं रिश्तेदार नगला बीडीसी सदस्य शंकुतला देवी समेत तमाम लोगों ने शव को रोड किनारे रख दिया और पुलिस को उसे उठाने नहीं दिया। सूचना मिलने पर सीओ रामआसरे सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।