थाना क्षेत्र के ढखौरा गांव में बुधवार की रात कच्छा-बनियान पहने दर्जन भर नकाबपोश बदमाशों ने तीन घरों में असलहों के बल पर परिवार वालों को बांध दिया और जेवर, नकदी, लाइसेंसी बंदूक और कारतूस लूट लिया। इसके बाद बदमाश असलहे लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, जिसके बाद एसओ जावेद अख्तर मौके पर पहुंचे।
मैगलगंज थाना की चौकी औरंगाबाद क्षेत्र के ढखौरा गांव में बुधवार को रात 11 बजे कच्छा बनियान पहने दर्जन भर बदमाश मनोज कुमार सिंह के घर में पीछे से छत के सहारे चढ़ गए और छत पर सो रहे मनोज सिंह को असलहे के बल पर कब्जे में लेकर बांध दिया। इसके बाद बदमाश घर में प्रवेश कर गए, जहां इनके भाई अरुण कुमार सिंह को भी बांध दिया, साथ ही सो रही महिलाओं नीरजा सिंह, विजया सिंह, इनके बेटे आकाश सिंह, राज सिंह, विवाहित बेटी बिट्टा सिंह को बांध दिया और बदमाश जेवरों के बारे में पूछताछ करने लगे। महिलाओं के आनाकानी करने पर बदमाशों ने राज सिंह के गर्दन पर हंसिया रख कर जान से मार देने की धमकी दी। इसके बाद दोनों गृहस्वामियों के पीछे से हाथ बांधकर आंगन में डालते हुए ऊपर से चादर डाल दी। वहीं महिलाओं ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने जान से मार देने की धमकी दी और उन्हें खामोश करा दिया। बदमाशों ने एक-एक कर चार कमरों में रखे अलमारी, बक्से, बेड को खंगालते हुए करीब सात लाख रुपये के जेवर, 80 हजार नकद, लाइसेंसी बंदूक, 20 कारतूस लूट लिए। करीब डेढ़ घंटे तक बेखौफ होकर बदमाश लूटपाट करते रहे। लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के बाद गृहस्वामी समेत परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद करके बदमाश फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने श्याम सुंदर सिंह के घर पर धावा बोला और असलहों के बल पर परिवार वालों को बांध दिया। फिर बदमाशों ने बक्से खंगाले, लेकिन यहां इनके हाथ कुछ नहीं लगा तो पायल उतरवा ली। इसके बाद गांव के बाहर चंद्रपाल सिंह के घर बदमाशों ने धावा बोलकर तीसरी वारदात को अंजाम दिया। गृहस्वामी समेत परिवारवालों को असलहों के बल पर कब्जे में लिया और बक्सों को तोड़कर करीब 40 हजार कीमत के जेवर, 5300 रुपये नकद और महिला के गले से मंगलसूत्र भी उतरवा लिया। इधर, पहली वारदात के भुक्तभोगी बंधनमुक्त होकर खिड़की से बाहर निकले और लोगों को जानकारी दी। पीड़ित के भतीजे सपा नेता राहुल सिंह ने औरंगाबाद पुलिस को डकैती की सूचना दी, लेकिन खबर के दो घंटे बाद पुलिस पहुंची।
वारदात सेे पहले खेत में युवक को बांधकर डाला
मैगलगंज। ढखौरा गांव में डकैती की वारदात अंजाम देने आए बदमाशों ने गांव के बाहर खेत की सिंचाई कर रहे एक युवक को मोटर पर ही बांध कर डाल दिया था कि वह कहीं शोर न मचा दे। खेत की सिंचाई कर रहे योगेश सिंह ने बदमाशों को देख लिया था। बदमाशों उसका तहमद और टार्च ले ली और चारपाई की रस्सी से उसके हाथ पांव बांध दिए। चर्चा है कि डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश वाहनों से थे।
अधिकारियों ने मुआयना किया
मैगलगंज। बुधवार रात ढखौरा गांव में हुई वारदात के बाद एएसपी अष्ठभुजा सिंह, सीओ मितौली मिथिलेश दीक्षित ने मौका मुआयना किया। एसपी ने घटना का सही और शीघ्र खुलासा करने के निर्देश एसओ को दिए हैं।
कुछ घंटे पूर्व ही जावेद ने संभाला था चार्ज
मैगलगंज। थानाध्यक्ष जावेद अख्तर ने कुछ घंटे पहले ही चार्ज संभाला था। बदमाशों ने ढखौरा गांव में डकैती की वारदात को अंजाम देकर एसओ को चुनौती दे डाली है।
नाटकीय अंदाज में बरामद हुई बंदूक
इस वारदात में बदमाशों ने एक लाइसेंसी बंदूक भी लूट ली थी, जो बृहस्पतिवार को दोपहर बाद पीड़ित के घर से कुछ कदमों की दूरी पर लावारिस हाल बरामद मिल गई। पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि पीड़ित ने ही बंदूक मिलने की सूचना दी है।
एसपी अरविंद सेन ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रथम दृष्टया डकैैती की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि कुछ घंटे बाद ही पीड़ित के घर से चंद कदमों की दूरी पर बंदूक बरामद हो गई है। वहीं इस पूरी वारदात में एक भी फायर बदमाशों ने नहीं किया और न ही किसी के साथ मारपीट की सूचना है। मामले की जांच कराई जा रही है।
चोरों ने पार की नकदी
मैगलगंज। कस्बा के नबाबगंज मोहल्ले में बुधवार की रात चोरों ने एक घर में घुसकर 10 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। खलील खां के घर के सारे लोग बुधवार रात को छत पर सो रहे थे। इस बीच चोरों ने कमरे के अंदर रखे बक्से से दस हजार रुपये पार कर दिए।