क्षेत्र के गांव बलदेवपुरवा के दो घरों में घरवालों को बंधक बनाकर असलहाधारी नकाबपोश बदमाशों ने 40 हजार की नकदी समेत करीब 10 लाख का सामान लूट लिया। लूट की सूचना के एक घंटे बाद मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की हैं।
क्षेत्र के गांव बलदेवपुरवा निवासी कृपाशंकर यादव अपनी मां जानकी देवी, पत्नी रिंकी, बहन गीता और सीमा, बच्चे दीपू, हर्षिता, शिवानी और प्रदीप के साथ बृहस्पतिवार की रात बरामदे में सोये थे। रात करीब एक बजे पांच असलहाधारी नकाबपोश बदमाश दक्षिण तरफ बिना दरवाजे गेट से अंदर घुस आए और कृपाशंकर यादव को जगाकर पूर्व प्रधान का घर पूछा और साथ चलने को कहा। जब उसने जाने से मना कर दिया तब उसने तौलिया से उसके हाथ बांध दिए और परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया। बाद में दूसरे कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे 30 हजार की नकदी, सोने का हार, सोने के कुंडल, मांग टीका, झुमकी, मटर माला, तीन जोड़ी चांदी की पायल, जेवरी, करधनी, दो बटुला 30 थाली आदि सामान उठा ले गए। लूटपाट के दौरान कृपाशंकर का मोबाइल बदमाशों ने जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। करीब 50 मिनट तक लूटपाट करने के बाद बदमाश बंधक बने कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर चले गए और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह से कृपाशंकर ने अंदर से कुंडी खोलकर घरवालों को बंधन मुक्त कराया। उसके बाद बदमाश इसी गांव के पूरब तरफ जानकी कश्यप के घर पहुंचे। वहां पर गोशाला में सो रहे जानकी को बंधक बनाकर घर में प्रवेश किया और जानकी की पत्नी श्यामकली को तमंचे की नोंक पर लेने के बाद दूसरे कमरे में सो रहे बेटे शिवपूजन और उसकी पत्नी नीलम को बंधक बना लिया। इसके बाद कमरे की चाभी मांगी। चाभी न देने से मना करने पर नाराज बदमाशों ने जानकी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। डरी सहमी नीलम ने बदमाशों को चाभी दे दी। उसके बाद बदमाशों ने घर में रखी 10 हजार की नकदी, एक जोड़ी झुमकी, मटर माला, जेवरी करधनी और हथफूल, सोने के कंगन समेत करीब दो लाख का सामान लूट लिया।
11 अगस्त को हुई थी आठ लाख की चोरी
बीती 11 अगस्त को बलदेवपुरवा निवासी राजेश के घर में घुसे चोरों ने 18 हजार रुपये की नकदी समेत आठ लाख के जेवर आदि चोरी कर लिये थे। पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन चोरी का खुलासा करने में थाना पुलिस अब तक नाकाम रही है।
नहीं पहुंचा कोई दरोगा
कृपाशंकर और जानकी प्रसाद ने आरोप लगाया है कि रात में सिपाही लक्ष्मीनारायण और होमगार्ड हेमंत सिंह आए थे। इतनी बड़ी घटना के बाद भी हल्का दरोगा और एसओ मौके पर नहीं पहुंचे।