ग्राम पंचायत बनवीरपुर में अपनी पत्नी को मायके से विदा कराने आए पति ने विवाद के बाद गांव से कुछ दूर रास्ते में उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस बीच राहगीरों के देख लेने पर आरोपी पति फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विवाहिता को जिला अस्पताल भेजा है।
ग्राम बनवीरपुर निवासी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शकुंतला देवी (26) का विवाह सात वर्ष पहले ग्राम निबौरिया निवासी मोतीलाल के साथ किया था। विवाह के बाद तीन बच्चे हैं। दोनों में पारिवारिक कलह के चलते मनमुटाव बना रहता था। उसकी पुत्री 15 दिन पहले मायके आई थी। गुरुवार को घटना के दिन दामाद मोतीलाल को निबौरिया घर पर विवाद की सुलह के लिए बुलाया था। मायके में घटना के वक्त मौजूद मोतीलाल के साले रामू ने बताया कि उसकी बहन के जाने से पहले दोनों में तकरार हुई थी। इसके बाद मोतीलाल उसकी बहन को साइकिल से लेकर गांव के बाहर ही कुछ दूरी पर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया। इसके बाद शकुंतला घायल अवस्था में सतनाम के मोटर के पास रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। घायल महिला को तिकुनियां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. अनिल वर्मा ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। कोतवाली इंस्पेक्टर सीवी सिंह ने बताया कि विवाहिता के पिता की ओर से तहरीर मिली है। आरोपी पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।