मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव कुंभी में पुलिसकर्मियों के साथ दबंगों
ने गुड्डी देवी के घर में धावा बोलकर घरवालों को मारा-पीटा और घर में रखा
सारा सामान तहस-नहस कर दिया।
आरोप है कि दबंग घर से नगदी-जेवर लूट ले गए।
गुड्डी ने पुलिस के कार्रवाई न करने पर डीजीपी को प्रार्थना-पत्र भेजकर
शिकायत की है।
गुड्डी ने बताया कि गांव के ही कुछ अराजक तत्व उसकी
रिहायशी मकान पर कब्जा करने की कोशिश में हैं, इसका मुकदमा भी कोर्ट में चल
रहा है। आरोप है कि 11 दिसंबर को दिन में करीब तीन बजे अमीननगर के
पुलिसकर्मियों के साथ गांव के आठ-दस लोगों ने धावा बोल दिया और गाली-गलौज
करने लगे। विरोध करने पर दीवारें ढहा दीं और सामान तहस-नहस करने के साथ ही
उसकी और बच्चों की भी पिटाई की। आरोप है कि रिवाल्वर लगाकर उसे शिकायत न
करने की धमकी दी गई। गुड्डी का कहना है कि घटना के समय पुलिस के अधिकारियों
को भी सूचना दी गई लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुड्डी ने डीजीपी
को प्रार्थना-पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।