खीरी थाना क्षेत्र में स्थित गन्ना सेंटर भानपुर पर शुक्रवार की रात खंभारखेड़ा मिल से आए ट्रक का चालक की सोते समय मौत हो गई। वह खीरी थाना क्षेत्र के गांव बनिकापुर का निवासी था, जो भानपुर सेंटर से खंभारखेड़ा मिल को गन्ना लादकर ले जाता था। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बनिकापुर निवासी 40 वर्षीय देशराज लखीमपुर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर ट्रक चालक था। कुछ समय से वह खंभारखेड़ा मिल के खीरी के भानपुर गन्ना सेंटर से गन्ना लादकर ले जाता था। शुक्रवार की रात वह मिल में ट्रक खाली कर गन्ना सेंटर पर लौटा था, जिसके बाद खाना खाकर वह ट्रक में ही सो गया। सुबह काफी देर तक चालक नहीं उठा, तो सेंटर के चौकीदार ने उसे जगाने के लिए आवाज लगाई। फिर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने खिड़की से झांककर देखा तो चालक उल्टा बेसुध पड़ा था। इससे उसे अनहोनी की आशंका हुई और मामले की सूचना मिल के अधिकारियों को दी। इसके बाद खीरी पुलिस गन्ना सेंटर पहुंची और खिड़की की सिटकनी तोड़कर चालक के शव को बाहर निकाला। सूचना पाकर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान न होने से मौत के कारणों पर सस्पेंस बना है। परिवार वालों की मांग पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।