व्यापारी बंधुओं से फोन कर मांगे थे पचास लाख
कस्बे के राइस मिलर धीरज मित्तल और नीरज मित्तल को फोन कर पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को पुलिस एवं एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया है। रंगदारी मांगने वाला आरोपी नेपाल बार्डर की ग्राम पंचायत केंवटली का निवासी है, जिसके पकड़े जाने से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि कस्बा तिकुनियां मंडी के प्रतिष्ठित राइस मिल मालिक बंधुओं धीरज मित्तल और नीरज मित्तल को नौ और 12 दिसंबर को मोबाइल पर धमकी देकर पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी मांगने वाले ने अपना नाम अब्दुल रहमान चानी बताया था। रंगदारी न देने पर पूरी मिल को बम से उड़ा देने की धमकी दी थी। इससे दहशतजदा व्यापारी धीरज मित्तल ने कोतवाली में रंगदारी मांगने वाले के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीपी सिंह को सौंपी गई थी। सर्विलांस की मदद से एसओजी टीम के साथ पुलिस ने ग्राम केंवटली निवासी यादवेंद्र सिंह उर्फ डाडी उर्फ गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने मोबाइल से रंगदारी मांगने की बात स्वीकार कर ली। यादवेंद सिंह से पुलिस पूछताछ कर रही है। अभियुक्त की आरोपी का चालान भेज दिया है।