एक दिन पहले फौजी के घर पर हुई थी लाखों की चोरी
बिजुआ चौकी क्षेत्र में असलहों के दम पर की वारदात
पुलिस चौकी बिजुआ क्षेत्र में रविवार रात नौसर गुलरिया के बंद पड़े ईंट भट्ठे पर नकाबपोश हथियारबंद तीन बदमाशों ने चौकीदार को बांधने के बाद लूटपाट की। बदमाशों ने पहले चौकीदार के हाथ पैर बांधकर डाल दिए, फिर पत्नी से चाबी मांगी, चाबी न मिलने पर कमरों के ताले तोड़कर तलाशी ली, कुछ हाथ न आने पर बदमाश चौकीदार की पत्नी का नाक का फूल और कमरों में रखे औजार लेकर चले गए। पुलिस पहुंची मगर बदमाशों को सुराग नहीं लगा।
भीरा थाना एवं पुलिस चौकी बिजुआ क्षेत्र में गोला निवासी सहरोज अख्तर का ईंट भट्ठा काफी समय से बंद पड़ा है। भट्ठे पर ईंट लगी होने से नौसर गांव के बुजुर्ग जब्बार अपनी पत्नी के साथ रुककर चौकीदारी करते हैं। जब्बार के मुताबिक रात करीब 11 एवं 12 बजे के बीच तीन अज्ञात लोगों ने उसे चारपाई पर दाब कर उसके चेहरे पर टार्चें लगा दीं, वहीं पास में सो रही पत्नी और उन पर असलहा तान दिया, जब्बार के हाथ पैर उसके कपड़ों से बांध दिए। जब्बार के मुताबिक बदमाशों ने कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखे खेती के औजार निकाल कर ले लिया, जाते जाते बदमाशों ने चौकीदार की पत्नी की नाक का फूल भी छीन लिए। बदमाशों के जाने के बाद पत्नी ने चौकीदार के हाथ पैर खोले, दोनो भागकर गांव पहुंचे और भट्ठा मालिक को फोन कर जानकारी दी। रात को ही सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उधर एक दिन पहले थाना भीरा के गांव चौखड़िया में फौजी के घर से तीन लाख की चोरी हो गई थी, लगातार वारदातों से लोगों में दहशत है। उधर इस बाबत एसओ भीरा जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मामले में पुलिस को लिखित में तहरीर नहीं मिली है।