ग्रामीणों और प्रधानों से भी हुए रूबरू, जवानों को दिए टिप्स
एसएसबी डीआईजी उपेंद्र प्रताप बलौदी ने भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण कर चौकसी का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान सीमावर्ती गांवों के लोगों और प्रधानों से मुलाकात की और जवानों को सुरक्षा को लेकर जरूरी टिप्स दिए।
देश में हाई अलर्ट है, जिसको लेकर नेपाल बार्डर पर एसएसबी ने भी चौकसी बढ़ा दी है। खुली सीमा का लाभ उठाकर देश विरोधी ताकतें भारत में प्रवेश न कर सकें, इसको लेकर सीमा की मॉनिटरिंग उच्चाधिकारी कर रहे हैं।
बार्डर की चेकिंग, जंगल के शार्टकट रास्तों समेत सुरक्षा से जुड़ी तमाम बारीकियों को देखने सोमवार को डीआईजी उपेंद्र प्रकाश बलोदी ने बेलरायां बार्डर का दौरा किया। उन्होंने जवानों के साथ बातचीत की और उन्हें कई टिप्स दिए। डीआईजी ने सीमा पर मौजूद सभी अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए कि वे नेपाल से आने वाले सभी लोगों की गहनता से तलाशी लें और वहां से लाए जा रहे सामान को खोल कर देखें, इसमें किसी तरह की कोई कोताही न बरती जाए। डीआईजी ने मीटिंग के बाद सीमा के गुलरिया, मरिया, डॉक्टर सहित अन्य घाटों पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए। डीआईजी ने रोज डीआईजी मुख्यालय रिपोर्ट भेजने के भी आदेश दिए। वह प्रधानों और ग्रामीणों से भी रूबरू हुए और कहा कि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल एसएसबी को सूचना दें। एसएसबी डांगा पोस्ट प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि जवानों की कई टीमों का गठन किया गया है, जो सुरक्षा में लगी हैं।
गौरीफंटा। भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते जारी अलर्ट के तहत भारत-नेपाल सीमा पर सभी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा घाटों, नदी, जंगलों की जांच के साथ आने-जाने वालों का चेकिंग चल रही है ।
बार्डर पर अलर्ट के चलते चौकसी बढ़ा दी गई है। गौरीफंटा के प्रवेश द्वार पर एसएसबी डॉग स्क्वॉयड, महिला, पुरुष जवानों के साथ जहां आने-जाने वालों की चेकिंग कर रही है। वहीं, कस्टम विभाग, पुलिस विभाग द्वारा भी औचक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस चौकी इंचार्ज संजीव कुमार शर्मा ने दलबल के साथ सूंढा बाजार, बनगवां मंडी, गौरीफंटा बाजार, मोहाना नदी घाट नंबर एक, दो, तीन आदि की चेकिंग की।