जमीन को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने कराया था समझौता
सदर कोतवाली के गांव बकैनियां में हुई घटना
सदर कोतवाली के गांव बकैनिया में जमीनी विवाद में शनिवार की देर शाम गांव के ही कुछ लोगों ने गांव निवासी 26 वर्षीय हरीश वर्मा की जमकर पिटाई की और उसे कुएं में फेंक दिया। मौके पर पहुंचे घर वालों ने उसे बमुश्किल बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने हरीश को मृत घोषित कर दिया।
हरीश वर्मा के फूफा शारदा वर्मा ने बताया कि हरीश वर्मा एक साल का था, तभी उसकी मां का निधन हो गया था। मां की मौत के बाद हरीश उनके पास ही गांव बकैनियां में रहता था। उन्होंने बताया कि उनके घर के सामने ग्राम पंचायत की थोड़ी सी जमीन पड़ी है। वह शनिवार की सुबह अपनी जमीन में दीवार बनवा रहे थे, जिसका पड़ोसी ने विरोध किया। इस पर कहासुनी हो गई थी। इस पर आरोपियों ने उसके घर पर पथराव शुरू कर दिया था, जिसका हरीश वर्मा ने विरोध किया। उन्होंने यूपी 100 को घटना की सूचना दी। सूचना पर एलआरपी चौकी इंचार्ज और यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद दोनों पक्षों को पुलिस चौकी बुलाकर सुलह समझौता करा दिया था। समझौता होने के बाद दोनों पक्ष घरों को लौट आए। उसी दिन शाम करीब आठ बजे हरीश वर्मा घर से निकल कर किसी काम से जा रहा था। तभी हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और यह कहते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी कि बहुत गालियां दे रहा था। आरोप है कि पिटाई करने के बाद उसे कुएं में फेंक दिया। शोरशराबा होने पर वह लोग मौके पर पहुंचे तो देखा हरीश वर्मा कुएं में में डूब रहा था। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव का पंचायतनामा भरने वाले एसआई राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के सिर, नाक से खून बह रहा था। इसके अलावा भी शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे। सदर कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।