लखीमपुर खीरी/जंगबहादुरगंज। पसगवां कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस लूटकांड में वांछित आठवें अभियुक्त एवं ढाई हजार रुपये के इनामी लुटेरे भोला उर्फ अनिल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से तमंचा मय कारतूस बरामद किया है।
पुलिस इस मामले में सात अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मालूम हो कि छह जुलाई को नेशनल हाईवे पर रोजा और ऊचालिया के मध्य सशस्त्र लुटेरों ने चालक और परिचालक को बंधक बनाकर सोहराव गेट मेरठ डिपो की रोडवेज बस में चालक परिचालक और सवारियों से जमकर लूटपाट की थी। कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि बस लूटकांड में वांछित चल रहे जनपद कानपुर नगर थाना सचेंडी के ग्राम मुरलीनगर निवासी भोला उर्फ अनिल सिंह को कोतवाली पुलिस ने पनई चौराहे के निकट गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया है।
कोतवाल ने बताया कि एसपी खीरी ने भोला पर ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह रघुवंशी, एसएसआई शेर सिंह राजपूत, मिर्जा जुवैर बेग, पंचम यादव, युवधीन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे। पुलिस घटना का राजफाश कर इस मामले में सात अभियुक्तों नंदू सिंह, नन्हे उर्फ शिवा सिंह, अनिल सिंह, सुरजन सिंह, छोटन लोनिया उर्फ हुकुम सिंह, राकेश लोनिया, छेदा उर्फ मेदा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कोतवाल ने बताया कि बस लूट में संलिप्त छह अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की जा चुकी है। शेष दो लुटेरों के विरुद्ध गैंगेस्टर की कार्रवाई की जा रही है।