लखीमपुर खीरी/ खीरी टाउन।
गांव चाउपुर निवासी कक्षा छठी के 13 वर्षीय छात्र अनुज की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई थी। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्यारों ने पहले अनुज को पीट-पीटकर मार डाला। उसके बाद धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस भी क्रूरता को देखकर एक बार सन्न रह गई। उधर पुलिस घटना के दूसरे दिन भी हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
गांव चाउपुर पंडरी निवासी संतराम पाल का पुत्र अनुज(13) कक्षा छह का छात्र था। वह गुरुवार की शाम से लापता था। उसका शव तलाश के दौरान अगले दिन गांव से करीब दो किलोमीटर दूर धान के खेत में बरामद हुआ। उसका गला कटा था। शरीर पर चोटों के निशान मिले थे। घर वालों ने खूनी रंजिश के चलते गांव के ही छह लोगों पर छात्र की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को देखकर पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए। रिपोर्ट में पिटाई से हुई मौत के बाद गला काटे जाने की पुष्टि की गई है। इससे साफ है कि हत्यारों ने छात्र का काफी बेरहमी से कत्ल किया है। उधर पुलिस हत्यारोपियों को अभी भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। एसओ आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि छात्र की हत्या बेरहमी से की गई है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिनसे भी घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।