कैलाली जिले की घोड़ाघोड़ी नगरपालिका के मेयर पर सोमवार की रात कुछ लोगों ने हमला करते हुए पहले गोली मारी, इसके बाद खुकरी से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मेयर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें नेपालगंज रेफर कर दिया गया। हालत ज्यादा गंभीर होने पर उनको हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए काठमांडू भेज दिया गया। उधर, घटना के बाद पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को पकड़ा है, जबकि घटना के बाद युवा विद्यार्थी संगठन ने कार्रवाई को लेकर राजमार्ग अवरूद्ध कर दिया।
कैलाली जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद घिमिरे ने बताया कि सोमवार रात 8 बजकर 10 मिनट पर घोड़ाघोड़ी नगरपालिका मेयर ममता प्रसाद चौधरी के घर पर 10-12 लोग बाइकों से आए। उन्होंने घर का दरवाजा खुलवा कर मेयर के ऊपर हमला बोलते हुए खुकुरी से कई प्रहार करने के साथ ही गोली मार दी। मेयर चौधरी के कमर में गोली लगी है, साथ ही सिर, हाथ, पैर में कई जगह चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल हुए मेयर को रात में ही घोड़ाघोड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें रात में ही नेपालगंज के कोहलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर यहां से हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें काठमांडू ले जाया गया।
पुलिस को घटना स्थल के पास से एक बाइक भी मिली है। इसके अलावा पुलिस ने शक होने पर तीन लोगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उधर, मंगलवार की सुबह नेकपा एमाले समर्थित युवा विद्यार्थी संगठन ने घटना में संबद्घ लोगों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने को लेकर पूर्व पश्चिम राजमार्ग अवरुद्ध कर दिया। साथ ही घोड़ाघोड़ी नगरपालिका में भी काम काज ठप किया गया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।