सदर कोतवाली पुलिस ने चोरी करने के आरोप में रविवार तड़के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चार जोड़ी पायल, एक चांदी का मांग टीका और एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद माल गांव चंदपुरा और पिपरिया में मुनीष वर्मा के घर हुई चोरी का है, जबकि बदमाशों ने पिपरिया में मुनीष वर्मा के घरवालों को बंधक बनाकर नकदी समेत 3.50 लाख रुपये के जेवर लूटे थे।
सदर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार की रात महेवागंज चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार यादव, हमराही एसआई दुर्वेश कुमार गंगवार आदि के साथ वांछितों की तलाश में थे। सूचना पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 04:15 बजे घेराबंदी कर एलआरपी-सीतापुर मार्ग पर कोतवाली सदर के गांव अंसारीपुरवा मौजा चंदपुरा निलासी राका उर्फ अंसार अली और थाना खीरी के गांव लगुचा निवासी करन राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान राका के पास से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, 1500 की नकदी, दो जोड़ी पायल, चांदी का मांग टीका और करन राज के पास से एक हजार रुपये, दो जोड़ी चांदी की पायल बरामद हुई। इंस्पेक्टर के मुताबिक दोनों आरोपियों ने पूछताछ में पांच फरवरी 17 को चंदपुरा निवासी रफीक और दिसंबर 17 को पिपरिया में मुनीष वर्मा के घर पर चोरी करने की बात स्वीकार की है। अपने साथी मोहम्मद समी, महताब उर्फ पिंकू के भी नाम बताए हैं। इसके अलावा ओयल मेढ़क मंदिर में भी चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि राका उर्फ अंसार के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें जीआरपी सीतापुर, लखीमपुर के 11 मामले शामिल हैं।
जांच हो तो बरामद पायलों से खुल सकता है खुलासे का खेल
लखीमपुर खीरी।
सदर कोतवाली पुलिस रविवार को भले ही चोरी करने के आरोप में दो युवकों को पकड़कर दो घटनाओं का खुलासा कर अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन दोनों घटनाओं में बरामद दिखाईं जा रहीं चार जोड़ी पायलों और चांदी की मांग बेदी ने पुलिस को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है। वजह है कि बरामद दोनों जोड़ी पायल एक डिजायन, एक रंग और दिखने में एकदम नई हैं, जबकि पुलिस बरामद पायल साल भर पहले चंदपुरा निवासी रफीक के घर से चोरी होने का दावा कर रही है।
एलआरपी पुलिस चौकी के पिपरिया बाईपास निवासी मुनीष वर्मा के घर नौ दिसंबर 2017 की रात करीब दो बजे पांच असलहाधारी बदमाश चैनल का ताला तोड़कर घर में घुसे थे। बदमाशों ने सभी को असलहों के दम पर बंधक बनाकर सवा लाख की नकदी और करीब ढाई लाख के जेवर, मोबाइल आदि सामान लूट लिया था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की थी। इससे पहले फरवरी 2017 में चंदपुरा निवासी रफीक के घर वारदात हुई थी। पुलिस ने दोनों वारदातों का खुलासा तो रविवार को कर दिया, लेकिन यह खुलासा सवालों के घेरे में आ गया है। पुलिस ने आरोपी राका उर्फ अंसार के पास से दो जोड़ी पायल, एक चांदी का टीका और करन राज के पास से दो जोड़ी पायल चोरी की बरामद होने का दावा किया है। खास बात यह है कि सभी बरामद पायल एक ही जैसी और नई हैं। चांदी के जेवरों पर कोई निशान तक नहीं हैं। इंस्पेक्टर से जब इस बावत पूछा गया तो वह चुप्पी साध गए।
मामला गंभीर है, इसकी गहनता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में मामला सही पाया गया तो दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- घनश्याम चौरसिया, एएसपी