फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेरहमी से हत्या कर ग्रामीण का शव बाग में फेंका

विज्ञापन
विज्ञापन
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रायपुर (घुंसी) के निकट रविवार की दोपहर एक बाग में 65 वर्षीय ग्रामीण का शव खून से लथपथ पड़ा देखा गया तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। बुजुर्ग के गले में रस्सी कसी थी। दोनों पैरों की एड़ी की नस कटी और मुंह पर गमछा बंधा था। मृतक की शिनाख्त गांव पैला निवासी मोहर्रम के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रायपुर (घुंसी) के कुछ लोग घास लेने खेतों की तरफ गए थे। इस दौरान उनकी नजर गांव बिलहरी जंगल के निकट गांव बेलाबोझी निवासी पप्पू वर्मा के बाग में एक शव खून से लथपथ पड़ा देखा, जिस पर युवकों ने गांव पहुंचकर शव पड़े होने की सूचना ग्राम प्रधानपति इरफान खां को दी। शव पड़े होने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रधानपति ने पुलिस को सूचना दी और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर चौकी इंचार्ज सिकंद्राबाद केके यादव और एसआई राजेश चौधरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया। शव के गले में रस्सी कसी थी। दोनों पैरों की एड़ी के पास की नसें कटी और मुंह पर गमछा बंधा था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने अज्ञात में शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोरचरी भेज दिया। मौके पर किसी ने पुलिस को शव पैला गांव का होने की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने गांव पैला के ग्रामीणों को शव की सूचना देते हुए हुलिया बताई। इस पर गांव पैला निवासी सूफिया थाना पहुंची। उसने फोटो देखकर शव की पहचान अपने पिता मोहर्रम (65) के रूप में की। मृतक की पुत्री ने बताया कि उसके पिता अक्सर बिना कुछ बताए घर से चले जाते थे। शनिवार की सुबह घर से चाय पीकर निकले थे, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचे। यह सोचकर उसने पुलिस को सूचना भी नहीं दी कि अगले दिन आ जाएंगे।

रिश्तेदारों पर ही टिकी पुलिस की निगाह
पैला गांव निवासी मोहर्रम की लाश करीब 15 किलोमीटर दूर रायपुर (घुंसी) की बाग में मिली। चूंकि इसी गांव में मृतक की रिश्तेदारी है और उसकी बेटी का पहला पति भी यहीं रहता है, इसलिए पुलिस की निगाह रिश्तेदारों पर ही है। हालांकि इंस्पेक्टर पान सिंह को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। वह कहते हैं कि मृतक की बेटी ने शव की शिनाख्त की है, लेकिन उन्होंने अभी कोई बयान नहीं लिए हैं और न ही वह हत्या का कोई कारण समझ पाए हैं। वहीं गांव वालों की मानें तो नीमगांव पुलिस ने रिश्तेदारों से पूछताछ की है। साथ ही कहा है कि जिसे बुलाया जाए, वह थाने आ जाए।
विज्ञापन


शिनाख्त कराकर पुलिस ने कर ली इतिश्री
नीमगांव इंस्पेक्टर कहते हैं कि उन्होंने शिनाख्त कराने का बेहद प्रयास किया। नतीजतन शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण भी स्पष्ट हो जाएगा। अब तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवेचना की दिशा तय होगी। फिलहाल पुलिस ने शिनाख्त के बाद इतिश्री कर ली है। नतीजतन हत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है।

बेटी का पहला पति है रायपुर निवासी
सूफिया ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह करीब 10 साल पहले रायपुर (घुंसी) निवासी खुर्शीद के साथ हुआ था। कुछ ही समय बाद पति से अलग हो गई थी। इस पर वह अपने मायके चली आई। तीन साल बाद पिता ने उसका निकाह गांव के ही इनायत के साथ कर दिया था। मृतक की पुत्री हत्या के कारणों को लेकर अभी कुछ नहीं बोल रही है। उसका कहना है कि पहले पति से जन्मी पुत्री अपने पिता खुर्शीद के पास रहती है। इसको लेकर उसके पिता का खुर्शीद के घर आना-जाना था। खुर्शीद के ही गांव किनारे बाग में पिता का शव मिला है।


शव की शिनाख्त सूफिया ने अपने पिता के रूप में की है। प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत हो रही है। वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। न ही पुत्री ने किसी पर कोई आरोप लगाया है और न ही अभी कोई तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पान सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना नीमगांव

गायब किशोर का तीन दिन बाद भी नहीं लगा सुराग
सिकंद्राबाद। सिकंद्राबाद चौकी क्षेत्र के गांव भुलैया खेड़ा निवासी प्रेम का पुत्र शोभित (15) गांव में मजदूरी करता था। तीन दिन पूर्व वह दोपहर साइकिल से कहीं गया था, लेकिन वह शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी कई स्थानों और रिश्तेदारियों में तलाश की, लेकिन उसका तीन दिन बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। लापता किशोर के भाई संदीप कुमार की सूचना पर नीमगांव पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें