गैस सिलेंडर में लगी आग, रसोईये झुलसे
एमडीएम बनाते समय पंड़ितपुरवा प्राथमिक स्कूल में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। ब्लॉक क्षेत्र के पंडितपुरवा स्कूल में गैस सिलिंडर का पाइप लीक होने से आग लग गयी। इससे एक पुरुष और एक महिला रसोईया झुलस गयी।
प्राथमिक विद्यालय पंडितपुरवा प्रथम में बृहस्पतिवार दोपहर खाना बनाते समय गैस सिलिंडर का पाइप लीक होने से आग लग गयी। आग की चपेट में आकर रसोईया मालती प्रसाद के हाथ पैर झुलस गए वहीं महिला रसोईया रामपती को भी तेज आग की लपट लग गयी। आग लगने से स्कूल में अफरा तफरी मच गयी। बच्चों को किचन से दूर हटाकर शिक्षक शैलेंद्र कुमार ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया। आग से झुलसे रसोईयों को सीएचसी धौरहरा लाया गया। जहां डॉक्टर आरआर वर्मा ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी।
स्कूलों में नहीं है अग्निशमन यंत्र
स्कूलों में एमडीएम बनाने के लिए गैंस सिलिंडर तो दिए गए पर इन सिलिंडरों के जर्जर पाइप अक्सर हादसों का सबब बन रहे हैं। वहीं आग लगने के बाद आग पर कैसे काबू पाया जाए इसके लिए पचास प्रतिशत स्कूलों में अग्निशमन यंत्र नहीं लगे हैं यदि हैं भी तो वह रिफिल नहीं हो सके हैं। ऐसे में यदि कोई आग लगने जैसी घटना होती है तो बड़ा हादसा हो सकता है। बीएसए बुद्धप्रिय सिंह बताते हैं कि सभी शिक्षकों से अग्निशमन यंत्र खरीदने को कहा गया है। यदि नहीं खरीदे गए हैं तो इसकी जांच कराएंगे।