03 एलकेएच 351
खेत के चारों ओर तार बांधने
को लेकर मारपीट, एक घायल
महिलाओं ने थाना पहुंचकर किया हंगामा, लगाया झूठी रिपोर्ट लिखाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा खीरी।
खेत के चारों ओर तार बांधने को लेकर चार लोगों ने गांव देवीपुरवा निवासी किसान राहुल वर्मा की पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसकी जानकारी जब आरोपियों के घर वालों को हुईं तो उनके घर की महिलाएं कोतवाली पहुंची। महिलाओं ने आरोपों को गलत बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया।
गांव देवीपुरवा निवासी किसान राहुल वर्मा का खेत गांव से सटा है, जिसमें आए दिन पशु फसल का नुकसान कर रहे थे। इससे परेशान राहुल शुक्रवार शाम को खेत के चारों ओर तार लगा रहा था। राहुल के मुताबिक खेत के पास रहने वाले दुंदी, गुन्नू, बदलू गोडिया और राजेंद्र लोध उसके खेत पर आ गए। तार लगने से शौच जाने में दिक्कत होगी। यह कहकर विरोध करने लगे। इस पर दोनों पक्षों में गाली गलौज हो गई। आरोप है कि चारों आरोपी राहुल वर्मा पर हमलावर हो गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि बांका लगने से राहुल उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। शुक्रवार की रात ही पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार को जब इसकी जानकारी आरोपियों को हुई तो उनके परिवार की कई महिलाएं कोतवाली पहुंची। झूठी रिपोर्ट लिखाए जाने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाल ने जांच के बाद कार्रवाई होने की बात कहकर किसी तरह महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पेशबंदी में दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
-----
मजदूरी मांगने पर ट्रैक्टर
मालिक ने युवक को पीटा
बीच बचाव करने पहुंची महिलाओं से की हाथापाई
चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने लिखी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा खीरी।
मजदूरी मांगने से नाराज ट्रैक्टर मालिक ने गांव लालापुरवा निवासी मजदूर जयप्रकाश भार्गव की ट्रैक्टर स्वामी ने जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। बीचबचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी हाथापाई हुई। पुलिस ने घायल की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मारपीट, एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लालापुरवा गांव निवासी जयप्रकाश भार्गव ने बताया कि उसने गांव के ही निजामू जो ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी की ढुलाई का काम करते हैं, की ट्रॉली पर मिट्टी खुदाई की मजदूरी करता था। जिसकी 1920 रुपये मजदूरी बाकी थी। शुक्रवार शाम वह निजामू के घर मजदूरी मांगने गया था। इससे नाराज निजामू, मुस्तकीम, मुस्कीम और इसहाक ने उसके साथ गाली गलौज की। जातिसूचक शब्द कहने लगे। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। शोरशराबा होने पर बीच बचाव करने पहुंची मां विटाना(70) और बहन कौशल्या को भी पीट दिया। पुलिस ने पीड़ित जयप्रकाश की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल सुनील कुमार नें बताया कि चारों आरोपियों पर अवैध मिट्टी खनन करने का भी आरोप है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।