निघासन (लखीमपुर खीरी)। पढुआ पुलिस ने पांच हजार के इनामी बदमाश को पकड़कर चालान भेज दिया है। वह करीब तीन साल से फरार चल रहा था। एसपी ने उसके ऊपर पांच हजार का इनाम घोषित किया था।
एसओ अजय यादव ने बताया कि पढुआ चौकी इंचार्ज डॉ.विपिन यादव ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे गजियापुर चौराहे पर बदमाश को उस समय दबोच लिया जब वह पड़ोसी जिला बहराइच जाने के लिए मंझरा स्टेशन जा रहा था। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम इरशाद निवासी महादेव टांडा थाना सिंगाही बताया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गांव सरपतहा निवासी गजोधर के घर में छह मार्च 2014 को घर में घुसकर करीब दो लाख का सामान चोरी कर ले लिया था। घटना के एक सप्ताह बाद चोरी के आरोप में हसरत उर्फ जोगेंद्र उर्फ हाफीजुल्ला निवासी टांडा के पास से चोरी का सामान बरामद करते हुए उसका चालान भेजा गया था। इस दौरान इरशाद फरार हो गया था। कई साल से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी पर सिंगाही थाने में लूट और चोरी समेत करीब आधा दर्जन और निघासन थाने में चोरी की एक रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी का बरेली, बहराइच आदि स्थानों के बदमाशों से भी संपर्क है। चौकी इंचार्ज तीन इनामी बदमाश जिबरार, हजरत, हफीत्र्ज को गिरफ्तार कर पहले ही चालान भेज चुके हैं।
-----------