तिकुनियां। बेलरायां-तिकुनियां के बीच थाना सिंगाही क्षेत्र में स्थित रेलवे पुल संख्या 77 के निकट बने तालाब में एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव एक विशाल पत्थर से बंधा था। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई है। हत्यारों ने शव उतराने न पाए, इसलिए शव का पत्थर से बांध दिया होगा। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बेलरायां-तिकुनियां रेलवे ट्रैक पर पुल के समीप थाना सिंगाही अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरा का विशाल तालाब है। बृहस्पतिवार की दोपहर ग्रामीणों ने एक महिला का शव उतराता देखा, जिसकी सूचना थाना सिंगाही पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव तालाब से बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक महिला की उम्र करीब 45 साल है। शव के ऊपर पत्थर बंधा था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कर उसका शव तालाब में फेंका गया है। एसओ सिंगाही अजय राय ने बताया शव को कब्जे में लिया गया है। शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। शव को शिनाख्त के लिए जिला अस्पताल की मोरचरी में रखवा दिया गया है।