निघासन। स्वछताग्राही की नौकरी दिलाने के नाम पर क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। किशोरी के पिता ने अपनी बेटी को नौकरी दिलाने के नाम पर अगवा करने की शिकायत पुलिस से की है। इस पर पुलिस ने एक युवती और एक युवक स्वच्छताग्राही को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने बताया कि करीब पंद्रह दिन पहले ब्लॉक की स्वच्छताग्राहियों की टीम गई थी। टीम के एक सदस्य ने ब्लॉक में अन्य स्वच्छताग्राही की नियुक्ति होने की बात कही। इस पर उस व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय बेटी को भी नौकरी दिलाने की बात कही। टीम के सदस्य ने नौकरी दिलाकर मानदेय दिलाने का आश्वासन दिया। सात जनवरी को टीम में गई एक महिला स्वच्छताग्राही ने उसके मोबाइल पर फोन करके बेटी को आठ जनवरी को विकास भवन लखीमपुर भेजने को कहा।
इस पर उसने आठ जनवरी की सुबह रकेहटी से उक्त महिला स्वच्छताग्राही के साथ अपनी बेटी को लखीमपुर जाने के लिए बस पर बैठा दिया। शाम तक उसकी बेटी से फोन पर बात हुई लेकिन इसके बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक वापस न आने पर उसने साथ गई महिला स्वच्छताग्राही को फोन किया लेकिन उसका फोन नहीं उठा। इससे चिंतित होकर वह उसके घर गया तो महिला स्वच्छताग्राही ने बताया कि उसकी बेटी लखीमपुर में उसे छोड़कर कहीं अलग चली गई थी। उसका इंतजार करने के बाद वह वापस चली आई थी। पिता ने इस बाबत एसपी को भी दरख्वास्त दी थी। शुक्रवार को उसने कोतवाल को तहरीर दी। इस पर पुलिस ने रामू और उक्त महिला स्वच्छताग्राही को हिरासत में लिया है।
मामले में पूछताछ के लिए एक युवती और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मामले में पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी। अभी मामला स्पष्ट नहीं हो सका है।
संजय त्यागी, प्रभारी निरीक्षक