नीमगांव थाना की सिकंद्राबाद चौकी क्षेत्र में बेलहरी गांव स्थित शराब भट्ठी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने सेल्समैन से लूटपाट की और उसको अंदर बंद कर भाग निकले। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने सेल्समैन को दुकान की कुंडी खोलकर बाहर निकाला और सूचना पुलिस को दी। रात में ही डायल 100 और चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया।
बेलहरी में देशी शराब की दुकान पर मूड़ा पासी गांव निवासी रमाकांत बतौर सेल्समैन का काम करता है। रमाकांत ने बताया कि मंगलवार रात लघुशंका करने निकला था, तभी बाइक से आए तीन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दुकान में घुसकर 4200 रुपये नकदी और दो मोबाइल लूट लिए और उसे दुकान के अंदर बंद कर बदमाश भाग निकले। उसने शोर मचाया, तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। उसने बेलहरी प्रधान विपिन के मोबाइल से 100 नंबर पर सूचना दी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी सिकंद्राबाद शैलेंद्र सिंह और 100 डायल मौके पर पहुंची। घटना की तहरीर दुकान मालिक दिनेश जायसवाल ने चौकी पुलिस को दी है, लेकिन अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। प्रथमदृष्टया दुकान के अंदर बैठ कर शराब पीने और मारपीट का मामला प्रतीत होता है, जिसकी वीडीओ क्लिप बनाई गई है। लूट के आरोप की जांच की जा रही है, जिसके अनुसार रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
शैलेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज, सिकंद्राबाद