लखीमपुर खीरी/ तिकुनियां खीरी। थाना सिंगाही की ग्राम पंचायत निबौरिया में घूरे की आरक्षित जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को राजस्व टीम ने हटवा दिया है। इससे ग्राम पंचायत की जमीन पर वर्षों से अवैध रूप से काबिज लोगों में हड़कंप मचा है। सूत्रों की मानें तो ग्राम पंचायत भेड़ौरी और लालपुर की कई बीघे जमीन पर भू-माफिया लंबे काफी अर्से से जमे हैं। लोगों ने इन जमीनों को भू-माफियाओं से छुड़वाकर भूमिहीनों को दिए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत निबौरिया में घूरे, खलिहान, मुक्तिधाम, होलिका दहन स्थल पर कई एकड़ के जोतकारों ने लंबे अर्से से अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। इससे लोगों को घूरा डालने में दिक्कत होती थी। वृहस्पतिवार को राजस्व टीम ने घूरे की जमीन पर मकान बनाकर किए गए अवैध कब्जे को हटवा दिया है। राजस्व कानूनगो अनिल शुक्ला ने बताया कि गांव निवासी पूर्व बीडीसी मुन्नालाल वर्मा ने अवैध कब्जा होने की शिकायत एसडीएम से की थी, जिस पर टीम ने पैमाइश कर घूरे की जमीन पर काबिज हटवाया गया। इस दौरान होलिका दहन कि जगह की भी पैमाइश की गई। इससे पूर्व गांव निवासी छैलबिहारी यादव सहित अन्य ग्रामीणों की शिकायत पर मुक्तिधाम की पैमाइस कर अवैध कब्जा हटवाया जा चुका है। इधर ग्राम पंचायत भेड़ौरी और लालापुर ग्राम पंचायत की कई बीघा कृषि योग्य और घूरे आदि की भूमि पर भी कई एकड़ के जोतकार काबिज हैं। इन दोनों ग्राम पंचायत के लोगों ने एसडीएम से पंचायत की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाकर खाली कराए जाने वाली भूिम को भूमिहीन लोगों को आवंटित करने की मांग की है।