महेवागंज/सुंदरवल (लखीमपुर खीरी)। थाना फूलबहेड़ क्षेत्र के गांव गोसाईनपुरवा में गांव के बाहर आम के पेड़ से एक विवाहिता का शव लटकता देखे जाने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप ससुराली जनों पर लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गोसाईनपुरवा गांव में शनिवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने आम के पेड़ में एक महिला का शव लटकते देखा। इससे वहां भीड़ लग गई। इस बीच शव की पहचान गांव के ही राकेश की पत्नी 28 वर्षीय बिटोला देवी के रूप में हुई। सूचना पर निघासन क्षेत्र के दरेरी गांव से मायके पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने शव की हालत देख पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर अलोक कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता अनूप ने पुलिस को बताया कि उसने तीन साल पहले बेटी के हाथ पीले किये थे पर, ससुराल में वह खुश नहीं थी। यहां अक्सर परेशान किये जाने की बात कहती थी। कहा मेरी पुत्री आत्महत्या नहीं कर सकती थी। मायके पक्ष ने हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर अलोक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थित साफ होगी।
00000000000000