मितौली। थाना क्षेत्र के ग्राम कैमा में नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में लाश उसके ससुराल में मिली है। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि ससुराल वालों ने दहेज उत्पीड़न के चलते उसकी पुत्री निधि की हत्या कर दी है।
मितौली क्षेत्र के गांव ओदारा निवासी हरदयाल ने अपनी पुत्री निधि की शादी इसी थाना क्षेत्र के गांव कैमा के रहने वाले करन के साथ जुुलाई 2018 में की थी। पिता हरदयाल ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी पुत्री निधि से पति, सास और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग करते थे। कई बार समझौता भी हुआ, लेकिन बात नहीं बनी। आरोप है कि 24 मार्च 2019 को निधि को मारकर फांसी पर लटका दिया गया। पिता हरदयाल ने बताया जब वह बेटी निधि की ससुराल पहुंचे तो निधि का शव जमीन पर पड़ा था। सभी ससुराल वाले मौके से फरार हो चुके थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर होगी कार्यवाही
सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि सूचना पर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया है, जिसमें मृतका के शव पर चोटें पाई गई है, फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।