मोबाइल पर बात करते-करते रवहीं पुल से शारदा नदी में छलांग लगाने वाली युवती का अब तक कोई पता नहीं चला है। छठवें दिन मंगलवार को सदर कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों को नदी में फिर उतारा और पानी में नीचे-नीचे तलाश कराई। आठ किलोमीटर तक नदी खंगालने के बाद भी युवती का कोई पता नहीं चला।
बता दें कि बृहस्पतिवार को खीरी टाउन के मोहल्ला हानिया टोला निवासी 25 वर्षीय साधना रस्तोगी ने स्कूटी रवहीं पुल पर खड़ी कर शारदा नदी में छलांग लगा दी थी। सूचना पर सीओ आरके वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने गोताखोर बुलाकर तीन दिनों तक सर्च अभियान चलाया था। पुलिस ने रवहीं से लेकर करीब 40 किलोमीटर दूर सीतापुर जिले की लहरपुर सीमा तक नदी में युवती की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस पर पुलिस दो दिन अभियान रोककर उसके उतराने का इंतजार कर रही थी। नदी के आसपास के लोगों और गोताखोरों को भी अलर्ट कर पुलिस नदी की निगरानी करती रही, लेकिन युवती का जब कोई पता नहीं चला तो छठवें दिन मंगलवार को सदर कोतवाल ने एक बार फिर गोताखोर बुलाए और उन्हें रवहीं पुल से नदी में उतारकर पानी के नीचे तलाश कराई। सदर कोतवाल ने बताया कि मंगलवार को एसआई उग्रसेन सिंह के नेतृत्व में टीम रवहीं पुल पहुंची और गोताखोरों को नदी में उतारकर 26 नंबर नामक स्थान तक करीब आठ किलोमीटर तलाश कराई, लेकिन युवती का अभी तक पता नहीं चला है।