पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गांव जसवंत नगर के पास रविवार की शाम किसी वाहन ने पैदल जा रही मां-बेटी को टक्कर मार दी, जिससे पांच वर्षीय सुरचना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां मामूली रूप से चोटिल हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना खीरी के गांव मुरवनपुरवा निवासी रमेश ने बताया कि सोमवार की शाम उसकी पत्नी माया पांच वर्षीय पुत्री सुरचना को लेकर अपने मायके कोतवाली धौरहरा के गांव गुलरिया जा रही थी। जसवंत नगर के पास किसी वाहन से उतरकर वह सड़क पार कर रहीं थीं कि इसी बीच तेज गति से आ रहे किसी वाहन ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में सुरचना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां माया मामूली रूप से चोटिल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बच्ची की मौत से परिवार में चीखपुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला।