पलियाकलां। इलाके में अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। पलिया-निघासन रोड पर सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली में बाइक घुसने से जहां एक युवक घायल हो गया। वहीं संपूर्णानगर रोड पर सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं में दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शनिवार को शारदा पुल पर बस पलटने से हुई छह मौतों को लोग भूल भी नहीं पाए थे कि बृहस्पतिवार को संपूर्णानगर रोड पर एक सवारियों से भरा टेंपो बेकाबू होकर पलट गया। इस टेंपो में आधा दर्जन से अधिक सवारियां थीं। घटना के बाद हड़कंप मच गया, चारों तरफ चीख पुकार मच गई। घटना में कुंडी फार्म निवासी 45 वर्षीय अमेरिका पुत्र रामलाल के साथ ही उसकी पत्नी 40 वर्षीय क्रांति देवी, प्रेमचंद्र की 40 वर्षीय पत्नी पाना देवी तथा वनघुसरी गांव निवासी रामबहादुर का 25 वर्षीय पुत्र सर्वेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सीओ प्रदीप कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां से सर्वेश कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर दूसरी घटना में निघासन रोड पर देर शाम सरखना पूरब निवासी अवधेश कुमार का 25 वर्षीय पुत्र राहुल बाइक लेकर अपने घर जा रहा था। इस दौरान मलिनियां के पास रोड किनारे ,खड़ी ट्रॉली में उसकी बाइक घुस गई। वह काफी देर तक तड़पता रहा लेकिन सभी घायल की मदद करने के बजाय तमाशा देखते रहे। इस दौरान मझगईं से आ रहे सीओ प्रदीप कुमार यादव ने घायल को अपनी गाड़ी में लादकर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।