औरैया। गुरुवार की देरशाम लगभग साढ़े नौ बजे ककोर बुजुर्ग के पास लूट की घटना की सूचना कंट्रोल रूम पहुंची। थाना प्रभारी ने पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र की घेराबंदी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लूट की सूचना को फर्जी पाया।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ककोर बुजुर्ग स्थित श्रीप्रकाश चंद्र महाविद्यालय के समीप एक आटो चालक ने 10 हजार रुपये लूट की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। लूट की सूचना पर दिबियापुर थाना प्रभारी बलशाही ने क्षेत्र की घेराबंदी कराई और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पाया कि घटना आटो और लोडर चालक के बीच मारपीट की थी।
आटो चालक ने फर्जी लूट की सूचना पुलिस को दी थी। थानाध्यक्ष दिबियापुर बलराज शाही ने बताया कि घटना की सूचना पर वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामला आटो और लोडर चालक के बीच मारपीट का पाया गया है। दोनों पक्षों को थाने बुलवाया गया है।
-पुलिस को सूचना मिली फर्जी, चालकों के बीच हुई थी मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो