छात्रा से छेड़छाड़ करने पर दो पक्ष भिड़े
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे एक गांव में छात्रा से छेड़छाड़ करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में जमकर विवाद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित छात्रा के भाई ने आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शहर से सटे एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उसकी बहन इंटरमीडिएट की छात्रा है। पड़ोस का ही एक युवक बहन के साथ आए दिन छेड़छाड़ करता था। इसकी शिकायत उन्होंने पूर्व में भी राजापुर चौकी पुलिस से कर तहरीर दी थी। आरोप है कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव के चलते आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए। रविवार को भी आरोपी ने राह चलते छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने आकर मामले की जानकारी घरवालों को दी। इस पर घरवालों ने आरोपी के घरवालों से विरोध जताया। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में जमकर गालीगलौज हुई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। सूचना पर राजापुर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित के भाई ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उधर, चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला छेड़छाड़ का नहीं निकला है। आरोपी शराब का आदी है। वह शराब पीकर गालीगलौज करता है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।