पुलिस से बेखौफ बदमाश शनिवार की रात पिपरिया बाईपास चौराहा निवासी मुनीष वर्मा के घर चैनल में लगा ताला तोड़कर घुस गए और परिवार वालों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने शस्त्रों के दम पर घर में रखी सवा लाख की नकदी और करीब ढाई लाख रुपये के जेवर लूट लिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सदर कोतवाली की एलआरपी पुलिस चौकी के पास पिपरिया बाईपास चौराहा है। चौराहा के निकट रहने वाले मुनीष वर्मा ने बताया कि शनिवार की रात वह परिवार के साथ कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे बदमाशों ने चैनल का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुस आए। उन्होंने बताया कि घर में घुसे बदमाशों की संख्या पांच थी, जिसमें तीन के पास तमंचे और दो बदमाशों के पास डंडे थे। बदमाशों ने सभी को शस्त्रों के बल पर बंधक बना लिया। शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी दी। बदमाश घर में रखी सवा लाख की नकदी और करीब ढाई लाख के जेवर, मोबाइल आदि सामान लूटकर भाग निकले। बदमाशों के जाने की आहट मिलने के बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस और आसपास के लोगों को दी। इससे मोहल्ले में दहशत व्याप्त हो गई। कई लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर एलआरपी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।