निघासन। थाना सिंगाही क्षेत्र में नौरंगाबाद मार्ग पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक पलट गई, जिससे बाइक पर सवार ब्लॉक प्रमुख निघासन की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को आनन-फानन में निघासन सीएचसी में लाकर भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
थाना सिंगाही के गांव नौरंगाबाद निवासी निघासन के ब्लॉक प्रमुख प्रेमपति दिवाकर की मां सावित्री देवी (60) मंगलवार को अपने पोते गौतम के साथ निघासन स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा आईं थीं। शाम को वापस जाते समय गांव के निकट साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि हेलमेट लगा होने के कारण गौतम को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग आनन-फानन में घायल सावित्री को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ सीएचसी में जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।