गोला गोकर्णनाथ।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने नगर निवासी गैर बिरादरी के एक युवक पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न के बाद गर्भवती करने का आरोप लगाया है। मामला कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर जानकारी की। पीड़िता ने राज्य महिला आयोग को भी प्रार्थनापत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
युवती ने राज्य महिला आयोग को भेजे शिकायतीपत्र में कहा है कि आरोपी युवक का उसके घर पांच-छह वर्ष पूर्व से आना-जाना था। उसने युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न कर गर्भवती कर दिया। युवती का कहना है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने जातिसूचक अपशब्द कहकर तेजाब फेंककर जान से मारने की धमकी दी है। मामला कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक को भी बुला लिया। कोतवाली में मौजूद युवती का कहना है कि युवक ने हरिद्वार में उसके साथ मंदिर में विवाह भी किया था। अब वह आठ माह की गर्भवती है। आरोपी के परिवार वाले उसे स्वीकारने से मना कर रहे हैं। वह अपने होने वाले बच्चे और स्वयं को न्याय दिलाने के लिए भटक रही है, लेकिन उसे युवक पर भी भरोसा नहीं है। जबकि कोतवाली में मौजूद आरोपी ने स्वीकारा कि उसका युवती से संबंध है। वह शादी करने और बच्चे को स्वीकारने के लिए तैयार है। हालांकि युवक ने हरिद्वार के एक मंदिर में अपने साथ युवती की शादी से इनकार किया है।
दोनों पक्षों को बुलाया गया है, दोनों एक दूसरे को वर्षों से जानते हैं। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मधुकांत मिश्र कोतवाल गोला।
महिला ने देवर पर लगाया रेप का आरोप
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली के एक गांव निवासी विवाहिता ने नगर निवासी अपने रिश्ते के देवर पर घर में चाकू की नोंक पर धमकी देकर रेप करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
विवाहिता ने पुलिस में दी तहरीर में कहा है कि वह 27 अक्तूबर को दोपहर साढ़े 11 बजे वह घर में अकेली थी, तभी नगर के अर्जुननगर निवासी उसका रिश्ते का देवर घर में घुस आया और गर्दन पर चाकू रखकर दुराचार किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शाम को घर के सदस्यों के आने पर जब उसने परिवार वालों को घटना बताई तो उसके पति, देवर, चचिया सास आदि विपक्षी के घर गए और उसके परिवार को घटना की जानकारी दी। इस पर आरोपी, उसकी मां, भाई, बहनों ने सभी को घर में बंद कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने को कहा। इस कारण उसकी ससुराल वाले रिपोर्ट दर्ज कराने का साहस नहीं कर सके। एक नवंबर को जब वह अपने मायके लखीमपुर गई और घटना के बारे में मायकेवालों को बताया तो उसके पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अपने पुत्र के साथ पुत्री को कोतवाली भेजा। उधर इस बाबत कोतवाल मधुकांत मिश्र का कहना है कि तहरीर मिली है, मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।