मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली पुलिस को रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मोहम्मदी-पुवायां मार्ग पर नौगवां तिराहे के पास दुर्लभ प्रजाति के 47 कछुए बरामद कर एक तस्कर को दबोच लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे वह मोहम्मदी-पुुवायां मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच नौगवां तिराहे की ओर से कुछ लोग सर पर बोझा लादे आ रहे थे। जब यह लोग नजदीक आए तो बोरों में कुछ हलचल दिखाई दी, शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोका और तलाशी ली। इस दौरान दो युवक बोरे फेंककर भाग खड़े हुए, जबकि एक अधेड़ भागने में सफल नहीं हो सका। पुलिस ने अधेड़ को दबोच लिया। तीनों बोरों की तलाशी ली गई तो उसमें 47 कछुए बरामद हुए। पकड़े गए अधेड़ ने अपना नाम गोकुल निवासी मोहनपुर थाना पसगवां बताया है। उसने पुलिस को बताया कि वह कछुओं को नेपाल ले जाने की फिराक में थे। कछुए उसने गोमती नदी के किनारे संरक्षित वन क्षेत्र से पकड़े हैं। पुलिस ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। जिस पर वन दरोगा राकेश मिश्रा, वनरक्षक अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बरामद 47 कछुए वन विभाग को सौंप दिए।
वन दरोगा राकेश मिश्रा ने बताया कि यह कछुए की दुर्लभ प्रजाति है, जिसकी अंतर राष्ट्रीय बाजार में करीब 20 लाख कीमत बताई गई है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
----------