बिजुआ। गर्भवती होने पर पंचायत के फैसले पर प्रेमी संग ब्याही गई युवती की शनिवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवती के पिता ने पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया तो पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला भीरा थाना क्षेत्र के गांव शंकरपुर का है। यहां रहने वाली एक युवती का गांव के ही युवक से प्रेमप्रसंग हो गया था। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। जानकारी होने के बाद युवती के पिता ने युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत की। मामला गर्माने पर गांव की पंचायत ने दोनों के एक ही बिरादरी होने का तर्क देते हुए बिना किसी एतराज के दोनों को शादी करने का फरमान दिया। तीन महीने पहले नवरात्र के पहले दिन भीरा के साईं मंदिर में शादी हो गई। मगर कुछ ही दिन बाद परिवार वालों ने बहू-बेटे को परिवार से अलग मकान दे दिया।
अभी तीन दिन पहले ही युवती ने पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के अगले ही दिन युवती बीमार हो गई। अस्पताल में तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद शनिवार को पिता और पति लखनऊ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह का कहना है कि जांच में फिलहाल पिटाई की बात सामने नहीं आई है, पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ब्यूरो