पलियाकलां। इलाके की ग्राम पंचायत मलिनियां के रानीपुरवा गांव में बिजली विभाग की तरफ से छह माह पहले खंभे तो लगा दिए गए लेकिन तार न खिंचने के कारण आजतक ग्रामीणों को बिजली सप्लाई नहीं नहीं मिल सकी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मनमानी का आरोप लगाया।
बता दें कि ग्राम पंचायत मलिनियां के मजरा गांव रानीपुरवा में बिजली सप्लाई नहीं थी। सरकार की योजना के तहत खंभे लगाए गए, लेकिन तार न खिंचने के कारण सप्लाई गांव तक नहीं पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि छह माह से केवल खंभे लगे हुए हैं लेकिन बिजली नहीं मिल पा रही है। शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग की नींद नहीं खुली। काम कर रहे ठेकेदार ने भी नहीं सुनी। ग्रामीणों ने जल्द बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान सर्वेश कुमार, सीताराम, नरेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, रोहित, प्रदीप, साबिर, मंशाराम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ महेंद्र कुमार का कहना है कि खंभे लगाकर तार लगाने का कार्य प्राइवेट एजेंसी को दिया गया है। काम जल्द पूरा कर बिजली गांव तक पहुंचेगी।