लखीमपुर खीरी। शहर में निघासन रोड पर एक ट्रक ने लकड़ी व्यापारी 75 वर्षीय मोहम्मद्दीन को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शहर के मोहल्ला ललितानगर निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि उनके बाबा मोहम्मद्दीन लकड़ी के व्यापारी हैं। उनकी मेला मैदान में दुकान हैं। रविवार की सुबह वे पैदल दुकान जा रहे थे। पलिया बस अड्डे के करीब पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मोहम्मददीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। मौके पर आसपास के बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और हादसे की जानकारी पुलिस व घर वालों को दीं। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मोहम्मददीन को मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में चीखपुकार मच गई। सदर कोतवाली पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ब्यूरो
-----------------------