घर में घुसकर मां-बेटी
से छेड़छाड़, कपड़े फाड़े
सूचना पर पहुंची यूपी 100, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
शहर के एक मोहल्ले में बुधवार की शाम एक युवक मोहल्ले के ही ही एक घर में घुस गया। घर में मौजूद महिला और उसकी 16 वर्षीय बेटी से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दोनों के कपड़े फाड़ दिए। सूचना पर यूपी 100 जब मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
शहर निवासी एक महिला ने बताया कि उसका पति मजदूरी करता है। बुधवार को पति घर पर नहीं था। वह और उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर पर थी। शाम करीब आठ बजे मोहल्ले का ही एक युवक उसके घर घुस आया और खाना बना रही पुत्री को दबोचकर छेड़छाड़ करने लगा। पुत्री ने जब विरोध किया तो उसे मारा-पीटा और कपड़े फाड़ दिए। पुत्री की चीखपुकार पर जब वह उसे बचाने पहुंची तो आरोपी ने उसे भी मारा-पीटा और कपड़े फाड़ दिए। शोरशराबा होने पर जब आसपास के लोग मौके पर आ गए तो आरोपी जान से मार देने की धमकी देने लगा। उन्होंने घटना की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक आरोपी भाग निकला। उन्होंने बताया कि यूपी 100 पुलिस ने उसे कोतवाली जाकर तहरीर देने की बात कही। इस पर वह कोतवाली गई और पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़िता का कहना है कि दो साल पहले भी आरोपी ने उसे दबोचकर छेड़छाड़ की थी, लेकिन उसने लोक लाज के भय के कारण रिपोर्ट दर्ज नही करवाई थी।
सदर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
महीने भर से फरार दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के एसएसआई काली प्रसाद गौड़ ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही बबलू उर्फ निर्मल कुमार के खिलाफ दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी। बुधवार की रात पुलिस ने घर पर छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।