वकील की फेसबुक आईडी बनाकर पोस्ट की आपत्तिजनक सामग्री
लखीमपुर खीरी। किसी ने एक वकील की फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली और उस पर कई आपत्तिजनक बातें लिखकर अपलोड कर दिया। इसकी जानकारी होने पर वकील के होश उड़ गए। शुक्रवार को कई साथी वकीलों के साथ पीड़ित वकील एसपी से मिले और कार्रवाई की मांग की। एसपी ने सदर कोतवाली पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
शहर के मोहल्ला महाराजनगर निवासी जमीउलहसन ने बताया कि किसी ने उनके नाम से फेसबुक आईडी बना ली और उस पर कई महिलाओं को लेकर अश्लील बातें लिखी और अपलोड कर दिया। बृहस्पतिवार को एक साथी वकील ने उन्हें फोन कर इसकी जानकारी दी। प्रोफाइल खोल कर देखी तो उसमें फर्जी आईडी बनाने वाले ने पीड़ित का ही मोबाइल नंबर डाल रखा था। साथ ही उनकी कुछ फोटो भी पोस्ट कर रखी थीं। यह देख उनके होश उड़ गए। शुक्रवार को कई वकीलों के साथ वह एसपी से मिले और पूरी बात बताई। एसपी पूनम ने पीड़ित की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही सीओ अपराध प्रदीप सिंह को शीघ्र मामले का वर्कआउट करने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिल गई है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।