रोडवेज की अनुबंधित बस ने लालपुर चौराहे पर बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक के पीछे बैठा उसका साला बुरी तरह जख्मी हो गया। इस दौरान चालक बस से कूद कर फरार हो गया।
जिला सीतापुर के गांव कुलकड़ी निवासी शत्रोहन का 35 वर्षीय पुत्र सतीश लखीमपुर में किराए पर कमरा लेकर रहता था। बताते हैं कि रविवार की शाम करीब चार बजे वह फरधान थाना क्षेत्र स्थित गांव मनिकापुर से लखीमपुर लौट रहा था। बाइक पर उसका साला रोहित निवासी मनिकापुर पीछे बैठा था, तभी लखीमपुर से गोला जा रही रोडवेज की तेज रफ्तार अनुबंधित बस ने उसे रौंद दिया। जिससे सतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर फरधान पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों से हादसे की जानकारी ली। एसओ ने बताया कि चालक बस छोड़ कर भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।