जानकारी के मुताबिक थाना ईसानगर क्षेत्र के बदालीपुर गांव में शुक्रवार की सुबह नौ बजे के करीब खेत में काम करते समय युवक मुकेश सिंह की अपनी पत्नी पूनम सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिससे नाराज मुकेश ने फावड़ा से पूनम के गले पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पूनम गंभीर रुप से घायल हो गई। इलाज के लिए ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस को तहरीर देते हुए मृतका के पिता धीरज सिंह निवासी सोहरिया थाना धौरहरा ने बताया कि उसने पुत्री पूनम की शादी 13 साल पहले बदालीपुर निवासी मुकेश सिंह पुत्र हेकड़ सिंह के साथ की थी। घटना के वक्त वह खेत में मौजूद था। बताया कि खेत में काम करते वक्त पुत्री और दामाद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद झगड़ा होने लगा। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि दामाद मुकेश ताव में आ गया। इसके बाद वह बेटी पूनम पर ताबड़तोड़ फावड़ा से वार करने लगा।
इस बीच जब तक बीच बचाव किया जाता, तब तक वह गंभीर घायल हो गई। पुत्री को तड़पता देखकर आरोपी दामाद फावड़ा लेकर मौके से भाग गया। इस बीच घायल पुत्री को अस्पताल लेकर पहुंचा तो सीएचसी खमरिया के लिये रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के लिए ले जाते वक्त पुत्री की मौत हो गई। उधर आरोपी का अब तक पता नही चला है। मृतका के पिता ने आरोपी दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
सीओ बोले- आरोपी की गिरफ्तार को गठित की गई टीम
मामले को लेकर सीओ धौरहरा टीएन दुबे का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट के बाद मामले में विधिक कार्यवाही की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।