लखीमपुर खीरी। पसगवां में पीआरवी के दरोगा की पिस्टल गायब होने से किरकिरी होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने पीआरवी की चेकिंग शुरू कर दी है। सोमवार की रात 1.30 बजे एएसपी अरुण कुमार सिंह ने रामापुर और पंजाबी कालोनी क्षेत्र की पीआरवी की चेकिंग की, तो दोनों पीआरवी में ड्राइवर सोते मिले। इस पर एएसपी ने दोनों ड्राइवरों को पीआरवी से हटा दिया है। इस दौरान अन्य स्थानों की पीआरवी में पुलिसकर्मी मोबाइल पर मूवी देखते मिले, तो कुछ सोते मिले। सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा ने भी शहर के विभिन्न मोहल्लों की पीआरवी की चेकिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दूसरी ओर पीआरवी के मुख्य आरक्षी का पिस्टल गायब होने के मामले में आईपीसी की धारा 409 के तहत तीन कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पसगवां क्षेत्र में मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर पीआरवी के आरक्षी अजीत कुमार सिंह की सर्विस पिस्टल बीते शुक्रवार की रात दस बजे रहस्यमय तरीके से उस समय गायब हो गई थी तब वह गाड़ी में अपने दो साथियों को पिस्टल सौंप कर शौच के लिए गया था। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि आरक्षी अजीत कुमार सिंह, विनोद गौतम और रजनीश गौतम के विरुद्ध 409 के तहत अभियोग पंजीकृत हुआ है। सघन अभियान चलाने के बाद भी अभी तक पिस्टल नहीं मिला है। पुलिस तीनों से गहन पूछताछ कर रही है।