पसगवां (लखीमपुर खीरी)। नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जिसमें एक आरोपी के नाबालिग होने पर हरदोई की बाल सुधार गृह जबकि दूसरे को जेल भेज दिया गया। इधर पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 18 जुलाई की रात दो लोग उसके घर में घुसकर नाबालिग पुत्री को उठा ले गए थे और नशीली गोली खिलाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी वारिस की झोंपड़ी के बाहर बेहोश हालत में मिली किशोरी ने होश आने पर आपबीती बताई, जिसके बाद पिता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सोमवार की रात को ही पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा था। महिला अस्पताल में पीड़िता के पिता ने बताया कि मंगलवार शाम आठ बजे डॉक्टर ने आने के लिए कहा है। बताया कि पुत्री को दोपहर अस्पताल में ही रखा गया था। महिला डॉक्टर ने मेडिकल होने में कुछ वक्त लगने की बात कही है। वहीं, मामले में गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि वारिस समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार कोर्ट में पेश किया गया, जिसमें एक को जेल भेज दिया गया जब कि दूसरा आरोपी नाबालिग है।
-
प्रकरण में एक आरोपी के नाबालिग होने पर उसे बाल सुधार गृह हरदोई भेजा गया है, जबकि दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।
-अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक