धौरहरा। थान क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पति का कहना है कि पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। उधर, मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गांव चमारन भकुरहिया निवासी संतोष कुमार की पत्नी सुनीता देवी (28) की शुक्रवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ग्रामीणों ने जिसकी खबर थाना निघासन क्षेत्र के गांव चंदईयापुर निवासी मृतका के पिता रमेश कुमार को दी। रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जबकि मृतका के पति का कहना है कि पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक हरीओम श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उस समय शव जमीन पर पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।