महेवागंज। सदर कोतवाली की शारदानगर और महेवागंज चौकी पुलिस ने शनिवार सुबह मकसोहा गांव में छापा मारकर चोरी का सामान बेचते एक शातिर अपराधी को दबोच लिया। पुलिस ने शातिर अपराधी की निशानदेही पर एक घर से एक चोरी की बाइक व तीन पंपिंग सेट बरामद किए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी घटना का अधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी थाना खीरी क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। उसके खिलाफ चोरी और लूट के कई मामले दर्ज है। लॉकडाउन में शांति और कानून व्यवस्था की व्यस्तता के बीच यह उपलब्धि पुलिस की बड़ी सफलता है। हत्थे चढ़े शातिर की निशानदेही पर पुलिस ने गांव मकसोहा के दो घरों पर छापा मारकर तीन पंपिंग सेट और चोरी की एक बाइक कब्जे में ली है। हत्थे चढ़े युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है। बरामद एक इंजन गांव मुकुंदा से चोरी हुआ था। इंजन बरामदगी की भनक पर मौके पर पहुंचे किसान ने इंजन को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने उससे लिखा पढ़ी होने के बाद इंजन ले जाने की बात कही, जिससे उसके अन्य साथियों की तलाश और माल बरामदगी में आसानी हो सके। पुलिस भागे अन्य शातिर अपराधियों के साथियों की तलाश कर रही है। महेवागंज चौकी प्रभारी पारसनाथ ने बताया कि कुछ इंजन बरामद हुए हैं। अभी मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।