गौरीफंटा-पलिया। मुंबई में एक जगह से दो किलो सोने के जेवरात व लाखों की नगदी चुराकर भागे छह नेपालियों की तलाश में मुंबई पुलिस कई दिनों से यहां डेरा डाले हुए थे। रविवार को गौरीफंटा कैंटीन के पास से पुलिस ने तीन नेपाली युवकों को पकड़ा भी था। तीनों से काफी पूछताछ की गई लेकिन उनके पास से पुलिस को कुछ बरामद नहीं हुआ है। बाकी तीन नेपालियों को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस अभी भी यहां डेरा डाले हुए है।
भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बॉर्डर पर रविवार को सादी वर्दी में मुंबई पुलिस ने तीन नेपाली युवकों को पकड़ा था। जिसके बाद उन्हें गौरीफंटा कोतवाली में लाकर पूछताछ की जा रही थी। पुलिस इस बारे में किसी को कुछ भी नहीं बता रही थी। केवल मुंबई के एक इलाके से छह नेपालियों के दो किलो सोने के जेवरात व लाखों रुपये की नगदी लूटकर भागने की बात कह रही थी। गौरीफंटा कोतवाली में मुंबई पुलिस ने सोमवार को भी नेपालियों से कड़ी पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक नेपालियों के पास से अभी तक कुछ बरामद नहीं हुआ है और पूछताछ में पकड़े गए तीन नेपालियों ने अपने अन्य साथियों के पास रकम व जेवर होने की बात कही है। जिनकी तलाश में अब मुंबई पुलिस ने गौरीफंटा में ही डेरा डाल दिया है। पुलिस अब बाकी बचे तीन नेपालियों को पकड़ने के लिए अपना जाल बिछा रही है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि बाकी के तीन नेपाली भारत के किस इलाके में हैं या फिर नेपाल भाग गए हैं। इस बारे में पकड़े गए तीन नेपालियों को भी कुछ नहीं पता है। उधर, गौरीफंटा कोतवाल रमेश चंद्र ने बताया कि पकड़े गए तीन नेपालियों के पास से कोई भी बरामदगी नहीं हुई है, बाकी के तीन की तलाश में मुंबई पुलिस यहीं रुकी हुई है।