बच्चों के हाथ में विंटर आर्ट किट व मौजूद सीडीओ। स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। विकास खंड नकहा के कंपोजिट विद्यालय धोबाहा में सीडीओ अभिषेक कुमार ने विंटर आर्ट किट वितरण एवं प्लेग-ऑफ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को आर्ट किट वितरित की।
सीडीओ ने कहा कि शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित न रखकर कला और पर्यावरण से जोड़ना समय की जरूरत है। जिले के 83 परिषदीय विद्यालयों के 4150 छात्र-छात्राओं को लर्निंग किट उपलब्ध कराई जाएंगी। पहले चरण में धोबाहा के 60 बच्चों को किट दी गई।
उन्होंने बताया कि ज्ञान का पिटारा मॉडल बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाएगा और उनकी रचनात्मक क्षमता भी बढ़ाएगा। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने छात्रा सृष्टि और लक्ष्मी के साथ विंटर कैंप वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर बीईओ शत्रुघ्न सरोज, प्रधानाध्यापक जगदीश कुमार, शिक्षक बृजेंद्र वर्मा, कुसुमलता, ज्योति सहित एजुकेट गर्ल्स टीम के सदस्य मौजूद रहे।