लखीमपुर खीरी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल को चालू करने की उलटी गिनती शुरू हो गई है। हॉस्पिटल विंग का जल्द हैंडओवर लेकर अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ शुरू कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर हॉस्पिटल ब्लॉक ए, बी और सी का निरीक्षण किया तथा लंबित कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीएम ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य और विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से चिह्नित कमियों का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी और व्यवस्थागत खामियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर किया जाए, ताकि हॉस्पिटल विंग का हैंडओवर शीघ्र पूरा हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और अस्पताल संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी परखा। डीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ मेडिकल कॉलेज परियोजना को आगे बढ़ा रही है। हॉस्पिटल विंग शुरू होने से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हैंडओवर में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराने के लिए कहा, ताकि अस्पताल संचालन में कोई बाधा न आए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमएस डॉ. आरके कोली, डॉ. एके गुप्ता, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, डीएसटीओ तथा निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।