फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार की रिपोर्ट

Thu, 01 Oct 2026 12:29 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी/मैगलगंज। दोमुंहे सांप की तस्करी के मामले में तीन युवकों की गिरफ्तारी और तीन को छोड़ने के प्रकरण में पुलिसकर्मियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कार्रवाई की है। निलंबित किए गए मैगलगंज के तत्कालीन इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मियों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार, अवैध वसूली समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों पर आरोपियों को छोड़ने और राहत देने के बदले पैसों के लेनदेन की बात सामने आई है। मैगलगंज थाने में दर्ज रिपोर्ट में इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह, दरोगा शुभम कुमार, मुख्य आरक्षी देवेंद्र सिंह यादव, आरक्षी देवेंद्र सिसोदिया, राहुल कुमार, रोहित, रिक्रूट आरक्षी विश्वास सिंह और अमित कुमार यादव के साथ युवकों के परिजनों से क्यूआर कोड के जरिये दो लाख रुपये मंगाने के आरोप में खाताधारक साहिल सोनी को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी पुलिसकर्मियों को मामले में पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को रहजानिया अंडरपास के पास एक आर्टिगा कार से अंकित मौर्य, मोनू सिंह और पुष्कर सिंह उर्फ सोल्जर को गिरफ्तार किया था। तलाशी में उनके कब्जे से एक जीवित दुर्लभ दोमुंहा सांप (रेड सैंड बोआ) और चार मोबाइल फोन बरामद हुए थे। मामले में तीन अन्य आरोपी गुड्डू उर्फ जलील खां, अफजल और विशाल मौके से भाग गए थे। इनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विज्ञापन


दो लाख रुपये के लेनदेन की भी जांच
परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवकों को एक निजी मकान में रखकर उनके घर फोन कराया गया और करीब दो लाख रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। रकम जिस क्यूआर कोड के माध्यम से मंगाई गई, उस खाते के धारक साहिल सोनी को भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज रिपोर्ट में आरोपी बनाया गया है। अब नामजद पुलिसकर्मियों और क्यूआर कोड धारक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों, रुपये के लेनदेन तथा गिरफ्तार और छोड़े गए लोगों से जुड़े तथ्यों को जांच में शामिल किया गया है।

सांप की बरामदगी पर भी उठे सवाल
दोमुंहे सांप की बरामदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान कार से दोमुंहा सांप बरामद हुआ और आरोपी उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। वहीं गिरफ्तार युवकों के परिजन इस आरोप को निराधार बता रहे हैं। उनका कहना है कि तीनों युवक मैगलगंज क्षेत्र में रुपये लेने आए थे और उनके पास सांप नहीं था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि हिरासत में लेने के बाद अगले दिन सुबह उनकी कार में दोमुंहा सांप रखकर उन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के मामले में फंसा दिया गया। अब पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद इस आरोप की भी जांच की जा रही है। एएसपी अमित साय ने बताया कि पहले वाले मुकदमे में वांछित तीनों आरोपियों की जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। आठ पुलिसकर्मियों और एक अन्य निजी व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मामले में लगाई गई धाराओं में गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है।
-
दोमुंहे सांप की तस्करी के प्रकरण की जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आए हैं। जांच में आरोपियों को छोड़ने और अन्य को राहत देने के बदले रुपये के लेन-देन तथा एक निजी व्यक्ति के पेमेंट गेटवे पर धनराशि के आदान-प्रदान की बात सामने आई है। इसे गंभीरता से लेते हुए मैगलगंज थाने में संबंधित आठ पुलिसकर्मियों और पेमेंट गेटवे से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन

-डॉ. ख्याति गर्ग, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें