लखीमपुर खीरी। जिला प्रशासन के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन के राहत शिविर में क्वारंटीन किए गए लोगों की मदद के लिए समाजसेवी बढ़चढ़ कर आगे आ रहे हैं। इनके खाने पीने की बेहतर व्यवस्था के लिए तन मन धन से लगे हैं। राहत शिविर में मौजूद लोगों को शुक्रवार को साधारण एवं औषधीय चाय पिलाने के साथ खाने में मटर पनीर की सब्जी परोसी गई।
जिला प्रशासन के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन के राहत शिविर में शुक्रवार को 39 लोग मौजूद रहे। सुबह सबसे पहले गोविंद डेयरी की ओर से चाय नाश्ता कराया गया और उसके बाद गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के अनुराग मौर्या ने औषधीय चाय प्रज्ञा पेय पिलाई। शिविर में पहुंचे डॉ. शिवम गुप्ता ने सभी का तापमान चेक किया। शिविर में मौजूद लोगों के रोज रोज पूड़ी सब्जी खाने से मन भरने की बात कहे जाने पर समाजसेवी रमेश अग्रवाल और समाजसेवी अधिवक्ता विपुल सेठ ने मटर पनीर एवं रोटी खिलवाई। जबकि अन्य समाजसेवियों ने हाथ धोने के लिए साबुन, हैंडवॉश और मच्छरों से निजात दिलाने के लिए क्वाइल दिलाई।
नगर पालिका ने कराया सैनिटाइज
नगर पालिका की टीम भी दोपहर में राहत शिविर पहुंची। टीम ने शिविर के सभी कमरों के साथ पूरी धर्मशाला को सैनिटाइज किया।
तबीयत बिगड़ने पर डीएम ने भेजा डॉक्टर
राहत शिविर में रह रहे एक युवक को रात में अचानक तेज बुखार हो गया, जिसकी सूचना डीएम को दी गई। इस पर डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने डॉक्टर भेजकर बुखार पीड़ित को चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई। शुक्रवार सुबह युवक की हालत बेहतर रही।
बाहरी और गरीबों को बांटे गए लंच पैकेट
निघासन तहसील प्रशासन के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को क्वारंटीन सेंटर पर लंच पैकेट का वितरण किया गया। इसमें कई समाजसेवियों ने भी भाग लिया।
एसडीएम ओपी गुप्ता, तहसीलदार धर्मेंद्र पांडे, सीओ प्रदीप वर्मा, लेखपाल शिवम गुप्ता के अलावा समाजसेवी प्रदीप गुप्ता, पिंटू कनौजिया, पीयूष दीक्षित, मोनू आदि ने तहसील और सदर चौराहा पर लंच पैकेट बांटे। कस्बा समेत नई बस्ती, मंझिली पुरवा, बुद्या पुरवा, कोनहा पुरवा आदि स्थानों से आए लोगों ने लाइन के लिए बनाए गए गोले में खड़े लोगों को लंच पैकेट का वितरण किया।
आरएसएस ने बंटवाई राहत सामग्री
लखीमपुर खीरी लॉकडाउन में लोगों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारी भी आगे आए हैं। पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जरूरतमंदों में राहत सामग्री बंटवाई।
संघ के जिलाप्रचारक अभिषेक एवं विहिप के प्रांतीय मंत्री आचार्य संजय मिश्रा की मौजूदगी में अमित मिश्रा, अमरेश, संजीव सनातन, पंकज सोनी, राम पांडे, विपुल सेठ, इंद्रेश गुप्ता, सुमित मोदी, ऋतुराज बाजपेयी, अपूर्वम मिश्रा ने शिवपुरी, सलेमपुर कोन, गोविंदनगर, राजापुर, काशीराम कॉलोनी, गंगोत्रीनगर कॉलोनी जाकर चावल, आटा, दाल, तेल, नमक, मसाला, आलू के साथ लंच पैकेट बांटे।
गोला : सिख समाज ने जरूरतमंदों को कराया भोजन
सिख समाज के लोगों ने क्वारंटीन सेंटर गुरु नानक डिग्री कॉलेज, सांई मैरिज लान, क्षेत्र के विद्यालयों, अस्पतालों, बसअड्डा, रेलवे स्टेशन जाकर जरूरतमंदों को भोजन कराया।
इस मौके पर रंजीत सिंह मग्गू, बलबीर सिंह, सुखविंदर सिंह, गुरुविंदर सिंह, त्रिलोचन सिंह, प्रिंस, यशपाल सिंह मिकी मौजूद रहे। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामपुर डाटपुर के प्रधान हंसराम ने अपनी पंचायत के गरीबों, जरूरतमंदों को राशन सामग्री वितरित की।