बिगड़ते जा रहे हालात....तीन लोगों की मौत, रिकॉर्ड 600 से ज्यादा मरीज मिले
60 प्रतिशत स्वास्थ्य कर्मियों के संक्रमित होने से अस्पताल में इलाज कराने आने वालों के लिए खतरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या से जिले में हालात बेकाबू हो गए हैं। शुक्रवार को अब तक के सबसे ज्यादा 600 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके अलावा इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के 60 प्रतिशत स्टाफ के कोरोना संक्रमित होने से अस्पताल इलाज कराने आने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है। इसके विपरीत संक्रमण को लेकर लोग अब भी बेखौफ हैं। मास्क लगा रहे हैं और न कोविड गाइड लाइन का पालन कर रहे हैं।
अप्रैल महीने में लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। इस महीने कोरोना ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि संक्रमितों के पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए है। एक अप्रैल को जहां 15 संक्रमित मिले थे। इसके बाद दिन-प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या में ऐसा इजाफा हुआ कि 23 अप्रैल को यह संख्या बढ़कर 600 से ऊपर हो गई।
सबसे ज्यादा बुरा हाल लखीमपुर तहसील का है, जहां रोज ही सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। वहीं, ऑक्सीजन की बढ़ती किल्लत से मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा है। एक अप्रैल को जहां साल भर में कुल मौतों का आंकड़ा 99 था, वहीं पिछले 23 दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 114 हो गया है।
संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग को भी हिलाकर रख दिया है। इस समय 60 प्रतिशत से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित हैं। इसमें सीएमएस डॉ. आरसी अग्रवाल, डॉ. शिखर बाजपेई, डॉ. आईके राम चंदानी, डॉ. एके द्विवेदी, डॉ. डीके पुष्कर, डॉ.संतोष कुमार मिश्रा, फार्मासिस्ट डॉ. अखिलेश शर्मा एवं पैथोलॉजी के रोहित पांडे, राहुल गुप्ता, अतुल गुप्ता, लैब अटेडेंट सुमित एवं स्टाफ नर्स सहित करीब 60 प्रतिशत स्टाफ कोरोना संक्रमित है। सीएमओ कार्यालय भी इससे अछूता नहीं है, जहां सीएमओ, एसीएमओ समेत कई कोरोना पॉजिटिव हैं। ऐसे में अस्पताल में इलाज कराने आने वालों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। यह और बात है कि जो संक्रमित मिले हैं उनमें अधिकतर क्वारंटीन हैं।
-
लखीमपुर तहसील में सबसे ज्यादा केस
जिले भर में सबसे ज्यादा खराब स्थिति लखीमपुर तहसील की है। शहर में ऐसा कोई मोहल्ला नहीं है , जिसमे संक्रमित न हो। इसके बावजूद न तो लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है और न ही कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरती जा रही है।
-
हर रोज योग, भगाए रोग
रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में योगासन- सूक्ष्मव्यायाम, संधि संचालन, सूर्य नमस्कार, प्रज्ञा योग, ताड़ासन, वृक्षासन, कटिचक्रासन, गोमुखासन, शशांक आसन, भुजंगासन, धनुरासन, पवनमुक्तासन आदि आसनों के साथ प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में योगनिद्रा बहुत ही लाभदायक है। शारीरिक क्षमतानुसार इनका अभ्यास करें, जबर्दस्ती कोई भी अभ्यास न करें।
-कुलदीप वर्मा, योग प्रशिक्षक
---
घर की रसोई है, सेहत का खजाना
तुलसी, सोंठ, काली मिर्च, गुड़ का काढ़ा बनाकर पियें। सुबह दूध में हल्दी मिलाकर लें और खट्टे फलों का सेवन करें। ऑक्सीजन लेवल बनाए रखने के लिए कपूर, पिपरमिंट और लौंग की पुड़िया बनाकर सूंघे।
- डॉ विजय प्रकाश वर्मा, आयुर्वेद चिकित्सक
-
पलिया में 44 नए संक्रमित मिले
पलियाकलां। पलिया में एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 44 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसमें 13 केस एसएसबी मुख्यालय के हैं।
इसके अलावा तीन मझगईं क्षेत्र में और बाकी पलिया के गांवों और शहर के मामले हैं। लगातार कोरोना मरीज मिलने के बाद अस्पताल की ओपीडी बंद होने से अन्य मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सभी को होम क्वारंटीन होने के लिए कहा गया है साथ ही जगहों को चिह्नित कर कंटेन्मेंट जोन बनाने की स्वास्थ्य विभाग तैयारी कर रहा है। संवाद
-
162 नेपाल के लोगों की जांच, 44 संक्रमित मिले
पलियाकलां। महानगरों से लौट रहे नेपाल के लोगों की जांच में 44 व्यक्ति संक्रमित मिले। शुक्रवार को 162 नेपाल के नागरिकों की जांच की गई थी।
रोजाना सैकड़ों की संख्या में नेपाल के नागरिक गौरीफंटा बार्डर पहुंच रहे हैं, जिनकी जांच के बाद ही उन्हें नेपाल सरकार सीमा में प्रवेश दे रही है। सीमा पर नेपाल की तरफ से हेल्थ डेस्क बनाकर सैकड़ों नेपाली नागरिकों की जांच की जा रही है। शुक्रवार को 162 नेपाली नागरिकों की बार्डर पर जांच की गई, जिसमें 44 की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इससे पहले मंगलवार 20 अप्रैल को 41 पॉजीटिव मिले थे। जबकि इससे पहले शनिवार 17 अप्रैल को हुई 89 लोगों की जांच में 31 कोरोना पॉजीटिव पाए गए थे। नेपाली नागरिकों के संक्रमित निकलने से पलिया में भी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है, क्योकि नेपाल जाने से पहले नेपाली नागरिक पूरा शहर घूम डालते हैं और कइयों के संपर्क में आते हैं। संवाद
तीन संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत, फिर रिकॉर्ड 662 कोरोना संक्रमित मिले
लखीमपुर ब्लॉक में फिर सबसे ज्यादा 381 मरीज मिले
लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमण के फैलने की रफ्तार लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है, जिससे शुक्रवार को अब तक सबसे अधिक 662 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं तीन संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लैब से कुल 423 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। वही अन्य लैब व एंटीजन से 239 पॉजिटिव रिपोर्ट मिली हैं।
ब्लॉक लखीमपुर में सबसे ज्यादा 381 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसमें कई विभागों के कर्मचारी-अधिकारी संक्रमित पाए गए हैं। ब्लॉक नकहा में 29, ब्लॉक फूलबेहड़ में 11, ब्लॉक ईसानगर में 13, ब्लॉक धौरहरा में चार, ब्लॉक निघासन में एक, ब्लॉक रमियाबेहड़ में 13, ब्लॉक बांकेगंज में 16, ब्लॉक पसगवां में 54, ब्लॉक मितौली में 10, ब्लॉक कुंभी में 43, ब्लॉक पलिया में 40, ब्लॉक बिजुआ में पांच, ब्लॉक बेहजम में 10, ब्लॉक मोहम्मदी में 32 संक्रमित मिले हैं।